बस्ती जिले के परसरामपुर थाना क्षेत्र के सुरैला गांव में भूसी खरीद के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अमानत में खयानत, चेक अनादृत होने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरैला निवासी राजेश कुमार दुबे ने बताया कि राज अहमद कुरैशी, जो रुधौली स्थित किसान गल्ला भंडार के प्रोपराइटर हैं, ने उनकी पत्नी के राइस मिल से 1 लाख 49 हजार रुपये की भूसी खरीदी थी। इसका भुगतान चेक के माध्यम से किया जाना था, लेकिन खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण चेक बैंक से अनादृत हो गया। पीड़ित राजेश कुमार दुबे का आरोप है कि जब उन्होंने भुगतान की मांग की, तो 18 जनवरी 2026 को राज अहमद कुरैशी उनके घर पहुंचे। वहां उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार में डर का माहौल है। राजेश दुबे का कहना है कि भूसी ले जाने के बावजूद भुगतान न करके अमानत में खयानत की गई है। परसरामपुर पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित की तहरीर में रुधौली के विपणन निरीक्षक विजय बहादुर सिंह का नाम भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है।









































