श्रावस्ती जनपद के गिलौला विकास खंड अंतर्गत ग्राम गौहनिया के पास गिलौला-भिनगा मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है, जिससे जिला मुख्यालय भिनगा जाने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीर या तो कई किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाने को मजबूर हैं, या फिर जान जोखिम में डालकर इसी जर्जर सड़क से गुजर रहे हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय राहगीरों पप्पू यादव, मनोज यादव, शुभम और वीरेन्द्र ने बताया कि भाजपा सरकार ने भिनगा मुख्यालय को गिलौला से जोड़ने और दूरी कम करने के उद्देश्य से राप्ती नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से एक पुल का निर्माण कराया था। हालांकि, पुल तक पहुंचने वाली संपर्क सड़क की बदहाली के कारण इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने के बावजूद सड़क की खराब स्थिति ने सरकार के उद्देश्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन वाहन खराब होते हैं और दोपहिया सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। मरीजों, छात्रों और व्यापारियों को विशेष रूप से आवागमन में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गिलौला से भिनगा मुख्यालय तक शीघ्र नई सड़क के निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि इससे लोगों को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा मिल सकेगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भाईलाल ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए पहले से कार्य किया जा रहा है और बजट आते ही तुरंत कार्य चालू होगा।
Home उत्तर प्रदेश करोड़ों का पुल बना, संपर्क सड़क जर्जर:गिलौला-भिनगा मार्ग पर आवागमन मुश्किल, ग्रामीण...






































