गिलौला में सड़क जर्जर, जलभराव से लोग परेशान:प्रशासन से मरम्मत की मांग, दुर्घटना का खतरा बढ़ा

4
Advertisement

श्रावस्ती जिले के गिलौला ब्लॉक में दिकौली मोड़ से दिकौली गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग जर्जर हालत में है। सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है और कई स्थानों पर गंदा पानी जमा रहता है। इससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर बरसात के मौसम में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, छात्र, बुजुर्ग और विभिन्न वाहन गुजरते हैं। प्रत्येक रविवार को बुढ़वा बाबा पर लगने वाले मेले में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। दूर-दराज से आने वाले इन श्रद्धालुओं को भी कीचड़, जलभराव और खराब सड़क के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय राहगीरों जैसे रामनरेश यादव, शिवकुमार वर्मा, रफीक अहमद, सुनीता देवी और विनोद कुमार ने बताया कि खराब सड़क के कारण कई बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाली निर्माण और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली निर्माण कराकर जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे आमजन और श्रद्धालुओं को राहत मिल सकेगी।

Advertisement