सायरन बजते ही 15 मिनट बाधित रहेगी बिजली:श्रावस्ती में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का अलर्ट, एसएसबी ने 2200 छात्रों को उद्देश्य समझाया

7
Advertisement

श्रावस्ती में 23 जनवरी को प्रस्तावित ब्लैकआउट मॉकड्रिल की तैयारियां जोरों पर हैं। नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं बटालियन ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया है। जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडेय के निर्देश पर एसएसबी जवानों ने स्कूलों में छात्रों को मॉकड्रिल के बारे में जानकारी दी। सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह के नेतृत्व में एसएसबी की टीम ने नगर पालिका भिनगा के केंद्रीय विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज और बीएस पब्लिक स्कूल जैसे प्रमुख विद्यालयों का दौरा किया। यहां विद्यार्थियों को हवाई हमले, बम विस्फोट और अन्य आपात स्थितियों में सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराया गया। अभियान के दौरान लगभग 2200 छात्र-छात्राओं को ब्लैकआउट मॉकड्रिल का उद्देश्य समझाया गया। उन्हें 23 जनवरी को शाम 6:00 बजे से 6:30 बजे तक अपने घरों में रहने, विद्युत उपकरणों का उपयोग न करने और मुख्य विद्युत स्विच बंद रखने की अपील की गई। जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि शाम 6:00 बजे से 7:00 बजे तक होने वाली इस मॉकड्रिल को सफल बनाने के लिए विद्यालयों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाई जा रही है। इस अभ्यास के लिए नगर पालिका भिनगा और नगर पंचायत इकौना का चयन किया गया है, जहां प्रशासन द्वारा प्रभावी अभ्यास कराया जाएगा। मॉकड्रिल समन्वयक और आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि शाम 6:00 बजे विभिन्न माध्यमों से इमरजेंसी सायरन बजेगा। इसके बाद 6:15 बजे विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी जाएगी, और 6:30 बजे तक पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा। ब्लैकआउट के बाद तहसील परिसर भिनगा और ब्लॉक परिसर इकौना में इवैक्युवेशन और फायर मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा ने दोनों मॉकड्रिल स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मॉकड्रिल के दौरान संयम बनाए रखें, अफवाहों से बचें और प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण पालन कर सहयोग प्रदान करें।

Advertisement