बस्ती जनपद में वर्षों से उपेक्षित मनोरमा नदी को साफ और संरक्षित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल शुरू हुई है। कप्तानगंज क्षेत्र के पंडूल घाट पर आयोजित एक बैठक में क्षेत्रीय जनता और समाजसेवियों ने नदी को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। इस अभियान की अगुवाई समाजसेवी चन्द्रमणि पाण्डेय कर रहे हैं। उनके जागरूकता अभियान के बाद क्षेत्र की जनता स्वयं आगे आकर मनोरमा नदी की बदहाली दूर करने के लिए सक्रिय हो रही है। बैठक में मौजूद लोगों ने मनवर तट सहित विभिन्न घाटों पर नियमित सफाई, कूड़ा न फेंकने और नदी को प्रदूषण से बचाने का संकल्प दोहराया। समाजसेवी चन्द्रमणि पाण्डेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मनोरमा नदी केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि क्षेत्र की जीवनरेखा है। इसके संरक्षण की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सभी की है। उन्होंने जनता के सहयोग से नदी को अविरल और निर्मल बनाने का आश्वासन दिया। पाण्डेय ने बताया कि इसके लिए चरणबद्ध तरीके से सफाई अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम और स्थानीय सहभागिता को बढ़ाया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए नदी में कचरा, प्लास्टिक और अन्य गंदगी न डालने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने का भरोसा दिलाया। बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर प्रशासन को भी इस मुहिम से जोड़ा जाएगा। यह अभियान अब जन आंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है, जिससे आने वाले समय में नदी की खोई हुई स्वच्छता और पहचान वापस लौटने की उम्मीद है।










































