बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में चैनपुरवा ओवरब्रिज पर बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना एनएच 27 पर गोरखपुर-लखनऊ मार्ग स्थित चैनपुरवा ओवरब्रिज पर हुई। एक अज्ञात वाहन ने ऑटो (यूपी 51 एटी 8141) को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो चालक और उसमें सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी हड़िया संजय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से बस्ती जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने ऑटो चालक रामभवन (45 वर्ष), पुत्र वीरबली, निवासी कंपनी बाग, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती को मृत घोषित कर दिया। ऑटो में सवार अज्ञात व्यक्ति का इलाज जारी है। पुलिस ने ऑटो चालक के मोबाइल फोन से उसके परिजनों को सूचित किया। परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद मृतक के शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। चौकी प्रभारी ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को एनएचएआई के हाइड्रा की मदद से सड़क से हटवाकर किनारे करवाया। पुरानी बस्ती थाने के उपनिरीक्षक विनय सिंह ने बताया कि मृतक रामभवन का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।






































