शिकारपुर-दरौली संपर्क मार्ग पर 200 मीटर आरसीसी का शिलान्यास: जिला पंचायत सदस्य ने वैदिक विधि से किया शुभारंभ – Rampur Baldiha(Maharajganj sadar) News

1
Advertisement

महाराजगंज। जनहित की एक बड़ी पहल के तहत एनएच-730 के संपर्क मार्ग शिकारपुर से दरौली तक 200 मीटर आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाज से किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सदर अभय सिंह और क्षत्रिय महासभा के महाराजगंज जिलाध्यक्ष ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। यह संपर्क मार्ग शिकारपुर से दरौली, इमिलिया, कृतपिपरा, सिसवा राजा रामनगर होते हुए एनएच-730 के कामता रोड से जुड़ता है। लंबे समय से यह सड़क अत्यंत जर्जर अवस्था में थी, जिससे स्थानीय लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए, जिला पंचायत सदस्य अभय सिंह ने इस सड़क के लिए बजट स्वीकृत कराने हेतु लगातार प्रयास किए। उनके अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि अब आरसीसी सड़क का निर्माण शुरू हो सका है, जिससे क्षेत्रवासियों को मजबूत और टिकाऊ सड़क की सुविधा मिलेगी। पूजन कार्यक्रम के दौरान वी डी सी हरहंगी यादव, घनश्याम जैसवाल, इरफान, मोहरम वर्मा, रामजी गुप्ता, सोनू मोदनवाल, रघुवंश सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभय सिंह का आभार जताया। लोगों का कहना है कि सड़क बन जाने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Advertisement