श्रावस्ती जनपद के सिरसिया ब्लॉक अंतर्गत मदरहवा में गुरुवार को पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने ऑनलाइन माध्यम से नवनिर्मित वृहद गौ सेवा आश्रय (गौशाला) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष व पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा ने विधिवत गौ-पूजन कर केंद्र का शुभारंभ किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दद्दन मिश्रा ने कहा कि सरकार गौ-वंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस वृहद गौशाला के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को छुट्टा जानवरों की समस्या से निजात मिलेगी और गौ-वंश को सुरक्षित व व्यवस्थित आश्रय मिल सकेगा। ग्राम प्रधान संतोष वर्मा ने जानकारी दी कि यह गौशाला बेसहारा पशुओं को नया ठिकाना देगी। ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि मदरहवा में बनी यह आधुनिक गौशाला न केवल पशुओं के लिए आश्रय स्थल बनेगी, बल्कि यहाँ चारे और पानी की समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। लोकार्पण के बाद ग्रामीणों में हर्ष का माहौल देखा गया। ग्राम प्रधान संतोष वर्मा ने जिला पंचायत अध्यक्ष से गौशाला तक खड़ंजा निर्माण के लिए मांग पत्र सौंपा। वहीं, मेड़किया के ग्राम प्रधान ने जूनियर हाई स्कूल निर्माण के लिए मांग पत्र प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. के. सिंह, पशु चिकित्सक (सिरसिया) शिवेंद्र मणि ओझा, ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल त्रिपाठी, ग्राम प्रधान संतोष वर्मा सहित क्षेत्र के तमाम ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
सिरसिया में मंत्री ने ऑनलाइन वृहद गौशाला का लोकार्पण किया:दद्दन मिश्रा ने गौ-पूजन कर केंद्र का शुभारंभ किया
Advertisement










































