निचलौल में नाबालिग किशोरी का अपहरण का मामला: मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शरू की – Sekhui(Nichlaul) News

4
Advertisement

कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। किशोरी की मां ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। इस मामले में एक चौकीदार पर आरोपी को संरक्षण देने और धमकी देने की भी शिकायत की गई है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को गांव का ही युवक 13 जनवरी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़िता की मां का आरोप है कि बाद में उन्हें पता चला कि गांव का ही एक व्यक्ति, जो कोतवाली थाना क्षेत्र में चौकीदार के पद पर तैनात है, आरोपी को संरक्षण दे रहा है। आरोप है कि चौकीदार अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कार्रवाई न होने की धमकी भी दे रहा है। मां ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी को बेचा जा सकता है या उसकी हत्या भी की जा सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब बेटी के संबंध में पूछताछ की गई, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों ने बताया कि एक बार आरोपी को किशोरी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया था, लेकिन वह मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पीड़िता की मां ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली इंस्पेक्टर निर्भय सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137(2) व 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Advertisement