डुमरियागंज में सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत:बाइक चालक वाहन छोड़कर फरार, तलाश में जुटी पुलिस

5
Advertisement

सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में 58 वर्षीय वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई। उक्त घटना नगर पंचायत भारत भारी के पास औसान कुइयां गांव के समीप हुई, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान ग्राम औसानकुइयां निवासी दशरथ देवी पत्नी शिवदीन यादव (उम्र 58 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला सड़क किनारे खड़ी थीं, तभी पथरा थाना क्षेत्र के ककरा पोखर गांव की ओर से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर उनसे टकरा गई। महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सहायता से उक्त घायल वृद्ध महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेवा ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डुमरियागंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दिया। डुमरियागंज पुलिस ने बताया कि हादसे में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल का नंबर UP 55 AQ 3255 है। बाइक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे औसानकुइयां गांव में गम का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। जबकि उक्त घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उक्त घटना के बाद लोग डरे और सहमे हैं। डुमरियागंज थाना प्रभारी श्री प्रकाश यादव ने इस संबंध में बताया, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। बाइक नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।”
यहां भी पढ़े:  भारत-नेपाल सीमा से सटे गांवों में ठंड का प्रकोप:कोहरे के कारण आवागमन प्रभावित, लोग अलाव के सहारे
Advertisement