श्रावस्ती के गिलौला स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में गुरुवार, 22 जनवरी को बाबा खाटू श्याम महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। यह आयोजन श्री खाटू श्याम जी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के क्रम में किया गया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। महोत्सव के दौरान शयनाधिवास सहित कई धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुए। पंडितों ने बाबा खाटू श्याम की प्रतिमा का विशेष पूजन-अर्चन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्य आयोजक गोलू सोनी, दीपक सोनी, काका पटवा, गोलू गुप्ता, विशाल पटवा, बाबू सोनी, दीपक जायसवाल, आनंद पटवा, सौरभ पटवा, शिवम पटवा, पंकज पटवा और अमित सोनी उपस्थित रहे। इन सभी ने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। महोत्सव में भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। श्याम भक्तों ने भजनों पर झूमते हुए बाबा की महिमा का गुणगान किया। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं, आकर्षक लाइटिंग और भगवा ध्वजों से सजाया गया था, जिससे पूरा माहौल मनमोहक लग रहा था। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि 23 जनवरी को बाबा खाटू श्याम की भव्य प्राण प्रतिष्ठा, हवन, नगर भ्रमण और एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। समिति ने क्षेत्रवासियों और श्याम प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है।











































