श्रावस्ती में बैजनाथपुर बदला ग्राम पंचायत में स्थित सामुदायिक शौचालय बदहाली का शिकार है। परिसर में चारों ओर गंदगी फैली है, सफाई व्यवस्था ठप है और इसके गेट भी टूटे हुए हैं। इस कारण ग्रामीणों को शौचालय के उपयोग में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय ग्रामीणों, जिनमें नौसाद अहमद, बनावरी यादव और महेश शामिल हैं, ने बताया कि शौचालय की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। परिसर में दुर्गंध फैलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस बदहाली से विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को अधिक परेशानी हो रही है। यह सामुदायिक शौचालय स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित किया गया था। इसके उचित रखरखाव के अभाव में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं।ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग से तत्काल शौचालय की साफ-सफाई कराने, टूटे हुए गेटों की मरम्मत करने और नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्राम प्रधान आसिफ ने इस संबंध में सफाई और शौचालय की मरम्मत कराने की बात कही है।







































