सोनौली में अवैध खनन पर भाजपा नेता की शिकायत: मुख्यमंत्री और डीएम से सख्त कार्रवाई की मांग – Sonauli(Nautanwa) News

9
Advertisement

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जितेंद्र जायसवाल ने सोनौली क्षेत्र में अवैध मिट्टी और बालू खनन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा महराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। उन्होंने पत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध खनन को शासन के निर्देशों और पर्यावरणीय नियमों का खुला उल्लंघन बताया है। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि नौतनवा तहसील के सोनौली कोतवाली क्षेत्र की ग्रामसभा सुकरौली स्थित सेमरहा घाट के पास बिना किसी वैध परमिट के अवैध खनन किया जा रहा है। जेसीबी मशीनों का उपयोग कर दिन-रात 4 से 5 मीटर तक गहरी खुदाई कर मिट्टी निकाली जा रही है। भाजपा नेता ने दावा किया है कि इस अवैध गतिविधि से जुड़े वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर प्रस्तुत किया जा सकता है। जितेंद्र जायसवाल ने यह भी आरोप लगाया है कि खनन विभाग, तहसील और पुलिस प्रशासन को इस पूरे मामले की जानकारी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासनिक मिलीभगत की आशंका भी जताई है, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। जायसवाल ने मुख्यमंत्री से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों व खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और पर्यावरण को हुई क्षति का आकलन कर जिम्मेदारों से उसकी भरपाई कराने की अपील भी की है। यह शिकायती पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ-साथ जिलाधिकारी महराजगंज को भी भेजा गया है। अब इस मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार है।
यहां भी पढ़े:  जमुनहा में लेखपाल ने बांटे कंबल:उप जिलाधिकारी के निर्देश पर गरीबों और बुजुर्गों को मिली राहत
Advertisement