किसान यूनियन ने की अवैध वसूली रोकने की मांग:श्रीदत्तगंज में गन्ना क्रय केंद्रों पर अवैध वसूली, बिजली बिल वृद्धि पर सौंपा ज्ञापन

4
Advertisement

बलरामपुर के श्रीदत्तगंज ​​​​​​में भारतीय किसान यूनियन (भारत का किसान संगठन) की मासिक बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके उपरांत संगठन के पदाधिकारियों ने छह सूत्रीय मांगों का जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जनपद के गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ना लोडिंग व अनलोडिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है, जबकि शासन द्वारा इस पर पूर्व में ही रोक लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद सरायखास, जखौली, मदद्दो भट्ठा सहित अन्य गन्ना क्रय केंद्रों पर मनमानी जारी है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बिल बढ़ाकर अवैध वसूली किए जाने का भी मुद्दा उठाया गया। किसान नेताओं ने जनपद में स्थापित धान क्रय केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने, ठंड के मौसम को देखते हुए प्रत्येक चौराहे पर अलाव की व्यवस्था कराने तथा निजी विद्यालयों द्वारा ड्रेस व किताबों के नाम पर की जा रही अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही सरकार द्वारा किसानों को सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली दिए जाने की घोषणा के बावजूद बिजली विभाग पर फर्जी वसूली करने का आरोप लगाते हुए समाधान के तौर पर निःशुल्क मोटर कनेक्शन देने की मांग रखी गई। संगठन के जिला अध्यक्ष तिलक राम वर्मा ने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष देवीपाटन मंडल हृदय राम यादव, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र वर्मा, जिला महासचिव राजू पाठक, जिला संगठन मंत्री पुत्तूलाल तिवारी, महिला जिला अध्यक्ष फातिमा, राम उग्रव वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यहां भी पढ़े:  श्रावस्ती में घना कोहरा, शीतलहर से बढ़ी ठंड:दिकौली ग्राम सभा में जनजीवन प्रभावित, किसानों को लाभ
Advertisement