घर के आंगन में बैठी किशोरी पर तेंदुए का हमला: गले-गर्दन पर गंभीर जख्म, पीएचसी से सीएचसी रेफर – Mihinpurwa Motipur News

10
Advertisement

बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में तेंदुए के हमले की घटनाएं बढ़ गई हैं। सोमवार शाम करीब 7 बजे ग्राम पंचायत चफ़रिया के ओरीपुरवा गांव में एक 18 वर्षीय किशोरी पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिहीपुरवा रेफर किया गया है। यह घटना गांव निवासी दुर्बेश की पुत्री सोनम के साथ हुई। सोनम अपने घर के आंगन में बैठी थी, तभी गन्ने के खेत से निकलकर एक तेंदुआ घर में घुस आया और उस पर हमला कर दिया। तेंदुआ किशोरी को खींचकर गन्ने के खेत की ओर ले जाने लगा। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हाका लगाकर तेंदुए को भगाने का प्रयास किया। लोगों को आता देख तेंदुआ किशोरी को घायल अवस्था में छोड़कर गन्ने के खेत में वापस घुस गया। हमले में सोनम के गले और गर्दन पर गहरे जख्म आए हैं। घायल सोनम को तत्काल एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सुजौली ले जाया गया। वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सीएचसी मिहीपुरवा रेफर कर दिया गया। किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में तेंदुए के लगातार बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने में लापरवाही बरत रहा है।
यहां भी पढ़े:  बिस्कोहर में मंगल भवन निर्माण की दिशा में बड़ा कदम:वार्ड 15 विश्वनाथ नगर में भूमि की पैमाइश, जल्द शुरू होगा कार्य
Advertisement