चिताही के स्वास्थ्य उपकेंद्र में महत्वपूर्ण बैठक:गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, फोलिक एसिड खुराक सुनिश्चित करने को कहा

3

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को चिताही स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र में ‘ट्रिपल ए’ (आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएचसी सिरसिया के अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने स्वास्थ्य कर्मियों को जनहित में कार्य करने तथा गर्भवती महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधीक्षक डॉ. ओझा ने आशा कार्यकर्ताओं पर जोर देते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्हें तत्काल फोलिक एसिड की गोलियां देना शुरू करें। उन्होंने ई-कवच पोर्टल पर सभी सूचनाएं अनिवार्य रूप से अपलोड करने के भी निर्देश दिए। डॉ. ओझा ने गृह भ्रमण के दौरान एलएमपी (अंतिम मासिक धर्म अवधि) की सही जानकारी दर्ज करने, टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों की सूची बनाने और आभा आईडी कार्ड बनाने जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यदि गृह भ्रमण के दौरान किसी नवजात शिशु या गर्भवती महिला में स्वास्थ्य संबंधी समस्या दिखे, तो उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर जांच के लिए भेजा जाए, ताकि समय रहते सुरक्षित इलाज मिल सके। बैठक में बीसीपीएम मैराज अहमद ने आशा कार्यकर्ताओं को अपनी डायरी नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सूर्यदेव सिंह, कुसुमलता, अनीता, दुर्गेश नंदिनी और प्रीतम सहित कई अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
Advertisement