श्रावस्ती में राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई:महिला आयोग सदस्य अंजू प्रजापति ने अशिक्षा को बताया घरेलू विवाद का कारण

8
Advertisement

महिलाओं पर हो रहे उत्पीड़न की रोकथाम और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति सोमवार को श्रावस्ती पहुंचीं। पुलिस लाइन भिनगा स्थित लवकुश सभागार कक्ष में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई पीड़ित महिलाओं ने अपनी समस्याएं आयोग की सदस्य के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश मामले घरेलू विवाद से संबंधित थे। आयोग की सदस्य ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एक मामले का तत्काल निस्तारण भी किया गया। यह मामला पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद से जुड़ा था, जिसमें पूर्व में भी सुलह-समझौता हो चुका था। आयोग से सूचना मिलने पर दोनों पक्ष उपस्थित हुए और उनके बीच संबंध सामान्य पाए जाने पर प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया। शेष 15 मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया है, जिनका नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने बताया कि जनपद में घरेलू विवाद के मामलों की संख्या अधिक होने का प्रमुख कारण अशिक्षा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ आर्थिक तंगी भी पारिवारिक तनाव को बढ़ाती है। कई परिवारों में रोजगार के लिए घर का कमाने वाला सदस्य बाहर चला जाता है, जिससे पारिवारिक संतुलन बिगड़ता है और विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। अंजू प्रजापति ने बताया कि राज्य महिला आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ-साथ परिवारों में आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अन्याय की स्थिति में निडर होकर शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया। महिला जनसुनवाई में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिससे मामलों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। आयोग की सदस्य ने भरोसा दिलाया कि सभी प्राप्त शिकायतों पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

यहां भी पढ़े:  श्रावस्ती में इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ी:मल्हीपुर पुलिस ने की गश्त, वाहनों की सघन चेकिंग
Advertisement