हरैया के खैरी ओझा गांव स्थित प्राचीन राम-जानकी मंदिर परिसर में गुरुवार से सात दिवसीय संगीतमयी रामकथा और यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन दिव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे सहित श्रद्धालु शामिल हुए। सभी तपसीधाम मंदिर स्थित मनोरमा घाट तक गए, जहां उन्होंने पवित्र मनोरमा नदी का जल कलशों में भरा। जल से भरे कलशों को लेकर श्रद्धालु मंदिर परिसर में बनी यज्ञशाला तक पहुंचे। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ याज्ञिक अनुष्ठान विधिवत प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य यज्ञाचार्य आचार्य कृष्ण मोहन त्रिपाठी महाराज, कथा वाचक संदीप कृष्ण महाराज, सहयोगी आचार्य शुभम पांडे, कमल पाठक और उमाशंकर उपस्थित रहे। कथा का आयोजन अवधेश दास महाराज द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थाना प्रभारी हर्रैया तहसीलदार सिंह, रामसूरत यादव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हर्रैया राजेंद्र प्रसाद गुप्ता और वरिष्ठ पत्रकार अनिल ओझा भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।





































