बस्ती में सड़क हादसे में युवक की मौत:दादी के ब्रह्मभोज का कार्ड बांटकर लौटते समय हुआ हादसा, एक गंभीर घायल

7
Advertisement

बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा टिनिच चौराहे के बुद्ध बाजार में हुआ। मृतक की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव निवासी 24 वर्षीय आदित्य पांडेय पुत्र वीरेंद्र कुमार पांडेय के रूप में हुई है। आदित्य गुरुवार रात अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। वह अपनी दादी के ब्रह्मभोज के लिए रिश्तेदारों और परिचितों को कार्ड बांटकर वापस आ रहे थे, जिसका आयोजन शनिवार को प्रस्तावित था। टिनिच चौराहे के बुद्ध बाजार पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रहे गौर थाना क्षेत्र के साड़ी कल्प गांव निवासी 36 वर्षीय मोहित अग्रहरि उर्फ नाटे की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर टिनिच चौकी प्रभारी श्रीहरि राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल ले जाते समय आदित्य पांडेय ने दम तोड़ दिया। मोहित अग्रहरि की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। आदित्य की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि जिस दिन यह हादसा हुआ, उसी दिन उनकी दादी का क्षौरकर्म हुआ था और शनिवार को ब्रह्मभोज की तैयारियां चल रही थीं। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने आदित्य के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Advertisement