बांसी में ‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का आयोजन:राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों पर हुई चर्चा, प्राथमिक दक्षता प्राप्त करना उद्देश्य

6
Advertisement

सिद्धार्थनगर जिले के बांसी विकासखंड में 22 जनवरी 2026 को ‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत आधारभूत साक्षरता और प्राथमिक दक्षता प्राप्त करने के उद्देश्य से यह ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा बेसिक शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित हुआ। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, नोडल शिक्षक संकुल, नोडल शिक्षक और बच्चों ने भाग लिया। इसका शुभारंभ सरस्वती पूजन और माल्यार्पण के साथ खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार सिंह, सीडीपीओ श्रीमती नीलम वर्मा और एसआरजी श्री अंशुमन सिंह ने किया। खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संगोष्ठी के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद, एसआरजी श्री अंशुमन सिंह ने प्री-प्राइमरी स्तर पर राज्य सरकार के प्रयासों जैसे स्कूल रेडीनेस, ईसीसीई, चाइल्ड फ्रेंडली फर्नीचर और सामुदायिक सहभागिता की जानकारी दी। सुपरवाइजर महोदया ने आईसीडीएस के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में बताया। एआरपी गणेश पाठक ने बच्चों के समग्र विकास में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, एआरपी आत्माराम यादव ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों जैसे पाठ्य पुस्तकें, शिक्षक संदर्शिका, गणित किट, विज्ञान किट और प्रिंट रिच सामग्री की शिक्षण प्रक्रिया में उपयोगिता पर चर्चा की। आशीष त्रिपाठी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को लेकर कार्यकत्रियों से संवाद किया। सीडीपीओ बांसी श्रीमती नीलम वर्मा ने समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का उत्साहवर्धन किया। अंत में, खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक न्याय पंचायत से 5-5 निपुण बच्चों को पुरस्कार वितरित किए और संगोष्ठी का समापन किया।
यहां भी पढ़े:  शांति भंग की आशंका पर दो गिरफ्तार:बस्ती में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत हुई कार्रवाई
Advertisement