रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और पूर्वोत्तर भारत को उत्तर प्रदेश से बेहतर रेल संपर्क प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। डिब्रुगढ़-गोमती नगर-डिब्रुगढ़ अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस (15949/15950) का नियमित संचालन 30 जनवरी 2026 से डिब्रुगढ़ से और 1 फरवरी 2026 से गोमती नगर से शुरू होगा। इस ट्रेन के चलने से बस्ती सहित पूर्वांचल के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 15949 डिब्रुगढ़-गोमती नगर अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को डिब्रुगढ़ से रात 9 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन गोमती नगर पहुंचेगी। यह ट्रेन अपने मार्ग में बस्ती स्टेशन पर सुबह 8:16 बजे रुकेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 15950 गोमती नगर-डिब्रुगढ़ अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को गोमती नगर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन दूसरे दिन रात 11:50 बजे बस्ती स्टेशन पर पहुंचेगी। यह अमृत भारत एक्सप्रेस कुल 20 कोचों के साथ संचालित होगी। इसमें 7 शयनयान श्रेणी के कोच, 10 साधारण द्वितीय श्रेणी के कोच, 2 एसएलआरडी कोच और एक पेंट्रीकार शामिल हैं। ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। सुरक्षा के लिए इसमें कवच सिस्टम, सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम जैसी अत्याधुनिक तकनीकें लगाई गई हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस किफायती किराए में सुरक्षित, आरामदायक और तेज यात्रा का विकल्प प्रदान करती है। इसमें दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष शौचालय, फास्ट चार्जिंग पोर्ट और एक पेंट्री कार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इस ट्रेन के संचालन से बस्ती के यात्रियों को पूर्वोत्तर राज्यों के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रा सुगम होगी।
Home उत्तर प्रदेश बस्ती को मिली अमृत भारत एक्सप्रेस:30 जनवरी से डिब्रुगढ़-गोमती नगर साप्ताहिक ट्रेन...





































