युवती को बहला-फुसलाकर भगाने वाला अभियुक्त गिरफ्तार:श्रावस्ती पुलिस ने इकौना में वांछित आरोपी को न्यायालय भेजा

4
Advertisement

श्रावस्ती जिले की इकौना पुलिस ने एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के दिशा-निर्देशों तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वीरेंद्र कुमार पासवान पुत्र हवलदार, निवासी ग्राम कन्जडवा, थाना इकौना, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई है। उसे 22 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। यह गिरफ्तारी थाना इकौना पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 336/2025, धारा 87 बीएनएस, बढ़ोत्तरी धारा 64(1) बीएनएस से संबंधित है। यह मामला 24 दिसंबर 2025 को तब सामने आया, जब ग्राम कन्जडवा निवासी विजय कुमार की पत्नी ने थाना इकौना में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सुबह करीब 10:30 बजे इकौना बाजार सामान लेने गई थी, जहां से वीरेंद्र कुमार पासवान उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद मुकदमे में धारा 64(1) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। अभियुक्त वीरेंद्र कुमार पासवान घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। थाना इकौना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को धर दबोचा। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि जनपद में महिला सुरक्षा से जुड़े अपराधों के प्रति कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement