बस्ती जिले के सोहना थाना क्षेत्र के फेरसम गांव में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई। यहां गांव निवासी लगभग 30 वर्षीय मुनका देवी पत्नी मोतीलाल का शव घर के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने महिला की हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, मुनका देवी मोतीलाल की दूसरी पत्नी थीं। मोतीलाल की पहली पत्नी सुनीता देवी का निधन 2017 में हो गया था। इसके बाद 2018 में मोतीलाल ने कलवारी थाना क्षेत्र के बगही गांव निवासी मुनका देवी से दूसरा विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद शुरू हो गया था। यह विवाद न्यायालय तक पहुंच गया, जहां मुनका देवी ने पति और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। न्यायालय ने मुनका देवी के पक्ष में आदेश देते हुए मोतीलाल के मकान में उन्हें रहने के लिए एक कमरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इस आदेश के बाद लगभग नौ माह पहले मुनका देवी ससुराल आकर रहने लगी थीं। आरोप है कि मुनका देवी के आने के बाद घर के अन्य सदस्य मकान छोड़कर चले गए थे और वह अकेले ही उस घर में रह रही थीं। शुक्रवार सुबह उनका शव घर के पीछे पड़ा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने पर पति मोतीलाल कथित रूप से कमरे के अंदर मौजूद थे, जिससे ग्रामीणों ने उनकी हत्या की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रुधौली और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। सीओ रुधौली कुलदीप यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।



































