श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र से एक महीने पहले लापता हुई 21 वर्षीय युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में नामजद आरोपी वीरेंद्र कुमार पासवान को गिरफ्तार कर 22 जनवरी 2026 को न्यायालय भेज दिया गया। युवती 24 दिसंबर 2025 से लापता थी। जानकारी के अनुसार, युवती 24 दिसंबर की सुबह करीब 10:30 बजे धागा, ब्लाउज के बटन और लेस खरीदने के लिए इकौना बाजार गई थी। वह घर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने इकौना थाने में तहरीर दी। युवती की मां ने गांव के प्रधान के भाई वीरेंद्र कुमार पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि घटना के बाद पुलिस और उच्च अधिकारियों से शिकायतें की गईं, लेकिन कई दिनों तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा। इस दौरान युवती की मां ने बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई थी। हालांकि पुलिस का कहना था कि पुलिस की टीम में लगी हुई है।
परिजनों ने बताया था कि आरोपी वीरेंद्र कुमार गांव के प्रधान का भाई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि वीरेंद्र पहले भी एक लड़की के साथ ऐसी घटना कर चुका है। युवती की मां ने अपनी बेटी को एक बार देखने की इच्छा व्यक्त की थी, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वह जीवित है। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर इकौना थाने में मुकदमा अपराध संख्या 336/2025 धारा 87 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान युवती की बरामदगी होने पर मामले में धारा 64(1) BNS की बढ़ोत्तरी की गई। इसके बाद फरार चल रहे अभियुक्त वीरेंद्र कुमार पासवान को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






































