श्रावस्ती जनपद के गिलौला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरा में शुक्रवार से सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन के शुभारंभ के लिए शुक्रवार को पिपरा गांव से राप्ती नदी के सिसवारा घाट तक कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में पिपरा गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष भक्तों ने भाग लिया। भक्तगण सिसवारा स्थित राप्ती नदी पहुंचे, जहां विधि-विधान से कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद कलश यात्रा झारखंडी बाबा मंदिर होते हुए पुनः पिपरा गांव पहुंची। पूरे मार्ग में ग्रामीणों द्वारा कलश यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। कथावाचक आचार्य दुर्गेश शास्त्री जी (अयोध्या धाम वाले) ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ करवाया। इस अवसर पर आयोजक राजकुमार (प्रधान प्रतिनिधि) ने बताया कि आज से सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा, जिसके लिए यह कलश यात्रा निकाली गई है। कथा का शुभारंभ आज शाम से होगा, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कलश यात्रा और आयोजन में राधेश्याम वर्मा, गोपाल साहू, बैजनाथ यादव, अरुण आर्य, अजय आर्य, राजा यादव, हीरामन, अखिलेश, छोटू, गोलू, राजेंद्र, भूरे बाबा, विशाल आर्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।











































