जनपद श्रावस्ती के विकास खंड इकौना स्थित प्राचीन ब्रह्मदेव मंदिर में बसंत पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह सवेरे से ही बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचने लगे थे। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का मानना है कि इस मंदिर में दर्शन करने से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी मान्यता के चलते हर वर्ष बसंत पंचमी पर यहां विशेष आयोजन होता है और दूर-दूर से लोग आते हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना इकौना की पुलिस मौके पर तैनात रही। मंदिर के आसपास प्रसाद और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों की भी लंबी कतारें लगी थीं।





































