Advertisement
नगर पंचायत बृजमनगंज में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से अवैध वसूली का विरोध करने पर एक सभासद प्रतिनिधि पर हमला किया गया। आरोप है कि नगर पंचायत के एक कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सभासद प्रतिनिधि के साथ मारपीट की। वार्ड नंबर चार स्वामी विवेकानंद नगर की सभासद कंचनलता यादव के प्रतिनिधि सन्नी देवल यादव ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय में कार्यालय सहायक शोभित गुप्ता द्वारा पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल को भी फोन पर सूचना दी गई थी। सन्नी देवल यादव के अनुसार, कर्मचारी शोभित गुप्ता आवास लाभार्थियों पर नगर पंचायत कर्मचारी होने का धौंस जमाकर वसूली कर रहा था। शुक्रवार को सन्नी देवल यादव ने शिवालय तालाब के पास मौजूद कर्मचारी से अवैध वसूली के संबंध में पूछताछ की और इसका विरोध किया। इस पर कर्मचारी उग्र हो गया और अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर सभासद प्रतिनिधि पर हमला कर मारपीट की। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।











































