श्रीदत्तगंज में पीएसी का सर्च ऑपरेशन जारी:सरयू नहर में गिरे युवक का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग

5
Advertisement

श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर तिलकहना पुल से गुरुवार को सरयू नहर में गिरे 28 वर्षीय युवक महेंद्र गिरी उर्फ छोटन का दूसरे दिन शुक्रवार को भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पीएसी की टीम ने शुक्रवार सुबह से बोट के माध्यम से कई घंटों तक सघन खोज अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका। स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ पीएसी के जवानों ने नहर में संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली। इस अभियान में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस और पीएसी की टीमें पूरे दिन मुस्तैदी के साथ खोज में जुटी रहीं। तिलकहना पुल से लेकर मुजहनी फाटक तक के क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। नहर के दोनों किनारों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी संकेत की तुरंत सूचना मिल सके और उस पर कार्रवाई की जा सके। युवक के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता घिराउ मौके पर डटे हुए हैं, जबकि मासूम बेटे सचिन गिरी की हालत भी बेहद दयनीय बनी हुई है। उसकी आँखों में गम साफ दिखाई दे रहा है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से खोज अभियान को और तेज करने की मांग की है। थाना प्रभारी श्रीदत्तगंज अविरल शुक्ला ने बताया कि युवक की तलाश के लिए पीएसी और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
Advertisement