बस्ती पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने शुक्रवार को पुलिस लाइन बस्ती स्थित परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल का टोलीवार निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक भी उनके साथ मौजूद रहे। एसपी अभिनन्दन ने परेड में शामिल विभिन्न टोलियों की ड्रिल, मार्च पास्ट, सलामी ग्रहण प्रक्रिया, अनुशासन, वर्दी की एकरूपता, शारीरिक मुद्रा और आपसी समन्वय का गहन अवलोकन किया। उन्होंने तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि परेड के माध्यम से अनुशासन, एकता और कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त संदेश जाना चाहिए। उन्होंने मार्चिंग के दौरान कदमों की समान गति, हाथों की स्विंग, सिर की सीध और पूरे दल के तालमेल पर विशेष ध्यान देने को कहा। एसपी अभिनन्दन ने स्पष्ट किया कि परेड में शामिल सभी जवानों की वर्दी, जूते, बेल्ट और अन्य उपकरण पूर्णतः स्वच्छ, दुरुस्त और एकसमान होने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने परेड कमांडर और सहायक कमांडरों को अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने और टोलियों का प्रभावी नेतृत्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रिहर्सल नियमित रूप से जारी रखी जाए। उन्होंने अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल से पूर्व सभी कमियों को दूर करने पर जोर दिया, ताकि मुख्य समारोह के दिन परेड त्रुटिरहित, आकर्षक और अनुकरणीय बन सके। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।











































