बलरामपुर पुलिस ने 2 वर्षीय बच्चे को परिजनों से मिलाया:कड़ाके की ठंड में भटक रहा था बच्चा, महिला हेल्प डेस्क पर हुई देखभाल

4
Advertisement

बलरामपुर पुलिस ने घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच मंगलवार रात एक सराहनीय मानवीय कार्य किया। पुलिस ने लगभग 2 वर्षीय गुमशुदा बच्चे को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक नन्हा बच्चा रास्ता भटककर सड़क पर अकेला घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली देहात की पीआरवी-5037 पर तैनात कांस्टेबल रोहित मिश्रा और हेड कांस्टेबल (चालक) राधारमण वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे। वे बच्चे को सुरक्षित थाना कोतवाली देहात ले आए। बच्चा अत्यंत कम उम्र का होने के कारण अपने माता-पिता का नाम और पता बताने में असमर्थ था। उसे महिला हेल्प डेस्क पर महिला हेड कांस्टेबल रीना की देखरेख में रखा गया। ठंड से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था भी की गई। परिजनों की तलाश के लिए मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र चौधरी और महिला कांस्टेबल आरती सिंह ने लगातार प्रयास किए। साथ ही, चाइल्ड हेल्पलाइन को भी सूचित किया गया। खोजबीन के बाद बच्चे की पहचान ग्राम सेखुईकला, थाना कोतवाली देहात, जनपद बलरामपुर निवासी के रूप में हुई। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को सकुशल उसके पिता दद्दू विश्वकर्मा और माता उर्मिला को सौंप दिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
Advertisement