Advertisement
बलरामपुर के पीएम श्री विद्यालय, देवरिया मुबारकपुर में ‘मेरा गांव, मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम के तहत एक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। आस्था इंटरनेशनल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में छात्रों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के कई पहलुओं पर आधारित मॉडल प्रदर्शित किए। इनमें मानव शरीर विज्ञान से संबंधित मानव अंग, आहार नाल, दांत और नेत्र की कार्यप्रणाली को दर्शाया गया। भौतिक विज्ञान के मॉडलों में अपवर्तन लेंस, उत्प्लावन बल और पवन चक्की शामिल थे। भू-विज्ञान के छात्रों ने ज्वालामुखी और ऋतु परिवर्तन की खगोलीय प्रक्रिया के मॉडल भी बनाए। मुख्य अतिथि विजय कुमार निगम ने विद्यार्थियों के मॉडलों का निरीक्षण किया और उनसे संबंधित प्रश्न पूछे। प्रदर्शनी में अनुराग भारती ने प्रथम, कमल ने द्वितीय और मीनाक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनके प्रयासों की सराहना की। इस आयोजन को सफल बनाने में आस्था इंटरनेशनल फाउंडेशन की मधु सिंह, विद्यालय की अध्यापिका सविता पांडेय, सरफराज अहमद, मिथिलेश कुमारी, राम सूरत और गायत्री ने सहयोग किया। विजय कुमार निगम ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में तर्कशक्ति, नवाचार और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं, जो भविष्य के भारत के लिए महत्वपूर्ण हैं।








































