बस्ती कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने छत से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवक अपनी बहन की संदिग्ध मौत के मामले में बहनोई की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार के साथ धरना-प्रदर्शन कर रहा था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और युवक को सुरक्षित पकड़ लिया गया। यह मामला सोनहा थाना क्षेत्र के फेरसम गांव से जुड़ा है, जहां मुनका देवी (30) का शव शुक्रवार को उनके घर के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मायके पक्ष ने इसे हत्या करार देते हुए मुनका देवी के पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। न्याय की मांग को लेकर मृतका के परिजन बस्ती कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान मृतका के एक भाई ने अचानक कलेक्ट्रेट की छत पर चढ़कर कूदने की कोशिश की। युवक ने चेतावनी दी कि यदि उसके बहनोई की तत्काल गिरफ्तारी नहीं की गई तो वह आत्महत्या कर लेगा। इस घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा। एएसपी श्यामकांत ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मृतका के भाई विद्याराम, निवासी बगही थाना कलवारी, ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या उसके बहनोई मोतीलाल और उसके परिजनों ने की है। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।











































