सुभाषचंद्र बोस नगर में टूटी नाली से जलभराव:सड़क पर गंदा पानी फैलने से लोग परेशान, दुर्गंध की शिकायत

7
Advertisement

मुंडेरवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 06, नेताजी सुभाषचंद्र बोस नगर में सड़क के बीच बनी नाली का पानी सड़क पर फैल रहा है। इससे स्थानीय निवासियों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों में गंदगी और सिल्ट जमा होने के कारण पानी का बहाव रुक गया है। यह नाली घरों से निकलने वाले गंदे पानी को निकालने के लिए बनाई गई थी, लेकिन वाहनों की आवाजाही से यह टूट जाती है, जिससे पानी रास्ते में भर जाता है। वार्ड संख्या छह निवासी डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि पैदल या बाइक से जाने पर गंदे पानी के छींटे ऊपर आ जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायत की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। मुहल्ले के हेमंत कुमार, झिनकान प्रसाद, भरथरी मौर्य, शिवा कसौधन, धर्मात्मा, अनिल, झब्बर, चंद्रप्रकाश सहित पूरे मुहल्ले के लोगों ने रास्ते को ठीक कराने की मांग की है। इस विषय पर अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह से बात करने पर उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद इसे ठीक कराया जाएगा।

Advertisement