बस्ती जिले के विकास खंड कप्तानगंज की न्याय पंचायत पोखरा अंतर्गत कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय बरहटा में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय और समाज के बीच समन्वय स्थापित कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना, नवाचार को बढ़ावा देना तथा अभिभावकों की सहभागिता को मजबूत करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झिनकान मौर्य, एआरपी स्कन्द मिश्रा, जयप्रकाश चौधरी, दिलीप यादव और ग्राम प्रतिनिधि तुलसीराम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि अभिभावकों और समाज की भी सक्रिय भूमिका आवश्यक है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक शंभूनाथ ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शिक्षा चौपाल के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। शिक्षकगण दौलत राम चौधरी, इंद्रावती चौधरी, प्रेम सागर वर्मा, राजकुमार, रोशनी यादव, कुसुम लता और मिथिलेश गुप्ता ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिक्षा चौपाल में बच्चों की शैक्षिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, अनुशासन, डिजिटल शिक्षा, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों तथा अभिभावकों की सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा को रुचिकर और व्यवहारिक बनाकर ही बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित किया जा सकता है। इसी अवसर पर उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राथमिक स्तर पर आँचल ने प्रथम, दीपक ने द्वितीय और आलोक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक स्तर पर खुशी ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय तथा किरण ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस शिक्षा चौपाल ने यह संदेश दिया कि जब विद्यालय, शिक्षक, अभिभावक और समाज मिलकर कार्य करते हैं, तब शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य साकार होता है और बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है।
Home उत्तर प्रदेश कप्तानगंज में शिक्षा चौपाल में गुणवत्ता सुधार पर जोर:नवाचार, अभिभावक सहभागिता पर...





































