श्रावस्ती के विकासखंड इकौना के कटरा क्षेत्र अंतर्गत अमारेभरिया स्थित तेंदुआ पंडित के शुक्ला सदन में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिपूर्ण वातावरण में हुआ। इस कथा का आयोजन पंडित राज नारायन शुक्ला की अध्यक्षता में किया जा रहा है। कथा व्यास पंडित सर्वेश महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। आयोजन के प्रथम दिवस एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने लम्बुइया पोखरा से पवित्र जल भरकर शोभायात्रा के रूप में श्रीकृष्ण भक्ति गीत गाते हुए शुक्ला सदन तक यात्रा की। पूरे मार्ग में “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शुक्ला सदन पहुंचने पर कथा व्यास पंडित सर्वेश महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश की स्थापना कराई। इसके बाद कथा के दौरान उन्होंने कहा कि भगवान का स्मरण करने मात्र से जीवन के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जब मनुष्य के जीवन में पुण्य का उदय होता है, तभी सत्संग और भागवत कथा जैसे पावन आयोजनों का संयोग प्राप्त होता है। कथा व्यास ने उपस्थित श्रद्धालुओं से धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। प्रथम दिवस की कथा को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिवपाल शुक्ला, हरिओम द्विवेदी, मनोज शुक्ला, स्वामीनाथ दुबे, रामनिवास शुक्ला, सच्चिदानंद शुक्ला, घनश्याम शुक्ला सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय सहयोग दिया।




































