नानपारा में 114 दिव्यांग बच्चों को मिले उपकरण: समग्र शिक्षा के तहत एलिम्को वितरण कैंप का आयोजन – Nanpara Dehati(Nanpara) News

8
Advertisement

बहराइच के नानपारा स्थित बलहा ब्लॉक संसाधन केंद्र में शनिवार को दिव्यांग बच्चों के लिए एलिम्को उपकरण वितरण कैंप का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समग्र शिक्षा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विकास खंड नवाबगंज, बलहा, रिसिया, शिवपुर और महसी से आए कुल 114 दिव्यांग बच्चों को विभिन्न उपकरण वितरित किए गए। वितरित किए गए उपकरणों में ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, सीपी चेयर, बैसाखी, रो लेटर, ब्रेल किट, सुगमय केन, हेयरिंग ऐड और कैलीपर्स शामिल थे। ये उपकरण विशेष रूप से अति गंभीर मानसिक दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर दिए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बहराइच के प्रतिनिधि, खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार वर्मा और जिला समन्वयक समेकित शिक्षा लाल जी दुबे भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक अमित कुमार पांडे ने किया, जिसमें स्पेशल एजुकेटर्स जयवीर सिंह, रामप्रकाश मिश्र, गिरजेश कुमार पांडे, हरिश्यम शर्मा, दीपक कुमार, अरविंद सिंह, विनोद सिंह और चंद्रभानु सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Advertisement