सरयू नहर में युवक का तीसरे दिन भी सुराग नहीं:पीएसी का सघन सर्च ऑपरेशन जारी, परिवार ने मांगी NDRF टीम

5
Advertisement

बलरामपुर के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में सरयू नहर में गिरे 28 वर्षीय युवक महेंद्र गिरी उर्फ छोटन का तीसरे दिन शनिवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। गुरुवार को तिलकहना पुल से नहर में गिरे युवक की तलाश में पीएसी की टीम शनिवार सुबह से सघन खोज अभियान चला रही है। पीएसी के जवानों ने बोट के माध्यम से नहर में संभावित स्थानों पर कई घंटों तक गहन तलाशी ली। नहर में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण खोज अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद, पुलिस और पीएसी की संयुक्त टीमें पूरे दिन मुस्तैदी से अभियान में जुटी रहीं। तिलकहना पुल से लेकर मुजहनी फाटक तक के क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और नहर के दोनों किनारों पर पुलिस बल तैनात है। युवक के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता घिराउ मौके पर डटे हुए हैं, जबकि दस वर्षीय बेटे सचिन गिरी की स्थिति भी बेहद दयनीय बनी हुई है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से खोज अभियान और तेज करने की मांग की है। गांव के बब्लू पांडेय और युवक के चाचा रामराज गिरी ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की टीम के लगातार प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिली है। अब परिजनों ने एनडीआरएफ की टीम लगाए जाने की मांग की है। सर्च ऑपरेशन में 2 बटालियन बाढ़ राहत दल पीएसी सीतापुर की टीम हेड अजमत जलील खान के नेतृत्व में जुटी है। इस टीम में हेड कांस्टेबल रघुनाथ सिंह, कांस्टेबल अब्दुल शमी, अभिषेक सिंह, शैलेंद्र कुमार, दीपू यादव, विनय यादव सहित अन्य जवान शामिल हैं। थाना श्रीदत्तगंज से कांस्टेबल मनोज कुमार, नदीम, सुरेंद्र समेत कई पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।
Advertisement