डुमरियागंज में विशाल हिंदू सम्मेलन संपन्न:पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारक ने एकजुटता का आह्वान किया

7
Advertisement

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत डुमरियागंज में एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के मैदान में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट और संगठित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध कथावाचक बलराम दास शास्त्री ने की। मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारक श्री अनिल जी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में अनिल जी ने हिंदू समाज को एकजुट और संगठित होकर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न भाषा और संप्रदायों के नाम पर भारत पर हमले हो सकते हैं, इसलिए हिंदू समाज को सतर्क और सावधान रहना चाहिए। अनिल जी ने बंगाल, असम, केरल, पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति का उदाहरण देते हुए अतीत को न भूलने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में भारतीय संस्कृति पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव में आ रही है।अनिल जी ने संघ के शताब्दी वर्ष में ‘पांच परिवर्तन’ के अध्याय का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि संघ समाज में परिवर्तन के उद्देश्य से लोगों के बीच जा रहा है। इनमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जागरण और नागरिक कर्तव्य प्रमुख हैं।मंच का संचालन हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के जिला अध्यक्ष अमरनाथ सिंह (सोनू सिंह) ने किया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक श्री राजीव नयन, जिला प्रचारक अवनीश, जिला प्रचारक राहुल, भाजपा नेता अभिषेक पाल, पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र मणि त्रिपाठी, सच्चिदानंद पांडे सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
Advertisement