Advertisement
महराजगंज के ठूठीबारी थाना क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शनिवार को उर्वरक तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। एसएसबी टीम ने मरचहवा बंधे के पास से नेपाल ले जाई जा रही यूरिया की छह बोरियां बरामद कीं। ये बोरियां दो मोटरसाइकिलों पर लदी हुई थीं। एसएसबी ने मौके से दो तस्करों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान ठूठीबारी थाना क्षेत्र के ग्राम नौवाबारी निवासी शशांक पाल और इंद्रेश यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि जब्त यूरिया को अवैध रूप से नेपाल भेजा जा रहा था। इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में आरक्षी प्रेम कुमार यादव और युगल किशोर सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, जब्त यूरिया और दोनों मोटरसाइकिलों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ठूठीबारी कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी द्वारा लगातार सघन गश्त और निगरानी की जा रही है।
विज्ञापन











































