Advertisement
बलरामपुर जिले के हर्रैया सतघरवा क्षेत्र में सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के भांभर रेंज में पिछले माह तेंदुए के हमले में दो युवतियों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। यह जागरूकता अभियान बनकटवा और बरहवा रेंज के लौकी, तेंदुआनगर, भदवार, गनेशपुर वीट सहित चौधरीडीह, दक्षिणी खैरमान, उत्तरी खैरमान, रहटावल, पिपरा और नेवलगंज जैसे गांवों में चलाया जा रहा है। वन विभाग लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को सूचित कर रहा है कि जंगल में तेंदुआ या अन्य खतरनाक जानवर मौजूद हो सकते हैं। ग्रामीणों को जंगल के अंदर न जाने, सतर्क रहने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी जनहानि से बचा जा सके। भांभर रेंज के रेंजर बीके सिंह परिमार ने वनकर्मियों को गांवों में भेजकर ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को भी भांभर रेंज में इसी तरह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विज्ञापन











































