बाल रक्षा भारत संस्था द्वारा संचालित ड्रीम एक्सीलेटर प्रोजेक्ट के तत्वावधान में 24 जनवरी 2026 को श्रावस्ती के विकास खंड जमुनहा के ग्राम रामपुर में राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री विश्राम पासवान ने की। इस अवसर पर बालिकाओं, बाल परिषद के सदस्यों और किशोरी समूह ने गीत-संगीत और भाषण के माध्यम से बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण से संबंधित प्रभावशाली संदेश दिए। थाना मल्हीपुर से मिशन शक्ति की प्रभारी उप निरीक्षक महिमा सिंह ने ग्रामीणों को भ्रूण हत्या, बाल विवाह, बालिका शिक्षा और महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1098, 108, 1930, 102 और 1076 की भी जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री विश्राम पासवान और बाल सुरक्षा अधिकारी श्रीमती मिथिलेश सिंह ने बालिका शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित बालिका ही सशक्त समाज की नींव होती है। इस दौरान बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। इस कार्यक्रम में बाल रक्षा भारत टीम से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री अखिलेश शुक्ला, स्मृति शुक्ला, ओमकार यादव सहित गाँव के सम्मानित व्यक्ति, महिला समूह की सदस्याएँ और बड़ी संख्या में बालिकाएँ उपस्थित रहीं। सभी ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।






































