बलरामपुर में अन्तर्जनपदीय चोर गिरोह गिरफ्तार:चुराए गए 11 मोबाइल, जेवरात और बाइक बरामद, कई घटनाओं में था शामिल

6
Advertisement

बलरामपुर पुलिस को जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने में बड़ी सफलता मिली है। थाना रेहरा बाजार पुलिस ने एक अन्तर्जनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 चोरी के मोबाइल फोन, सोने-चांदी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और हथियार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब 22 जनवरी 2026 को थाना रेहरा बाजार में मोबाइल चोरी की अलग-अलग घटनाओं को लेकर दो मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 जनवरी 2026 को दतौली बॉर्डर के पास से तीन अभियुक्तों रुपेश यादव, हरीश पाण्डेय उर्फ हगड़ा और शोएब शेख उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी व नकबजनी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह मोटरसाइकिल से गांवों व कस्बों में घूमकर सूने मकानों व दुकानों की रेकी करता था और मौका पाकर चोरी कर माल सस्ते दामों में बेच देता था। बरामदगी में एक जोड़ी चांदी की ब्रासलेट, पीली धातु का लॉकेट लगा चैन, 11 विभिन्न कंपनियों के चोरी के मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त रायडर मोटरसाइकिल, बांका, छैनी और कैंची शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। वे पूर्व में भी कई चोरी व लूट की घटनाओं में संलिप्त रह चुके हैं। पुलिस ने बरामद माल के साथ तीनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक नन्दकेश तिवारी, उपनिरीक्षक प्रभात पाल, हेड कांस्टेबल आदित्य कुमार राय, कांस्टेबल सुशील सिंह, रमेश वर्मा और रोहिताश्व चौहान शामिल थे।
यहां भी पढ़े:  निचलौल में किशोरी का शव फंदे से लटका मिला: संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फॉरेंसिक ने जुटाए सबूत - Nichlaul News
Advertisement