बस्ती में लूट की झूठी कहानी का भंडाफोड़:16.90 लाख के कर्ज में डूबे स्वर्णकार ने खुद रची साजिश

7
Advertisement

बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। हालांकि, गहन जांच और वैज्ञानिक पूछताछ के बाद पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि यह सूचना फर्जी थी। कथित पीड़ित ने ही लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। 24 जनवरी 2026 को छावनी थाना क्षेत्र के ग्राम रेडवल निवासी शिवकुमार सोनी (35) ने डायल 112 पर सूचना दी थी। उसने बताया था कि परसा जोत गांव के पास अपाचे बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे धक्का देकर जेवरात से भरा बैग लूट लिया। सूचना मिलते ही छावनी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और क्षेत्राधिकारी हरैया के साथ घटनास्थल का दौरा किया। लूट का जल्द खुलासा करने के लिए छावनी पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और स्वाट टीम की चार विशेष टीमें गठित की गईं। गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और शिवकुमार सोनी से पूछताछ की। आखिरकार, शिवकुमार ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। उसने पुलिस को बताया कि वह स्वर्णकारों से उधार जेवर लेकर गांवों में बेचता था और उस पर लगभग 16.90 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। शिवकुमार ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद मां, पत्नी और बच्चों की बीमारी के कारण उस पर आर्थिक दबाव बढ़ गया था। इसी दबाव के चलते उसने लूट की झूठी कहानी बनाई। पुलिस ने उसकी दुकान से वह पूरा बैग बरामद कर लिया, जिसमें 6 अंगूठी, 4 चेन, 6 माला, 5 जोड़ी पायल, 110 बिछिया, 2 कड़ा और 6 कुंडा (सफेद व पीली धातु) शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

Advertisement