विज्ञापन
महराजगंज जनपद के कोल्हुई कस्बे में एक दुर्लभ मामला सामने आया है, जहां एपेक्स हॉस्पिटल में पेट से जुड़े जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ। शनिवार को हुए इस सफल ऑपरेशन के बाद मां और दोनों नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ हैं। यह घटना जिले में पहली बार प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिली, क्योंकि ऐसे मामले आमतौर पर केवल टीवी या अखबारों में ही देखे जाते थे। पेट से सटे जुड़वा बच्चों के जन्म की खबर फैलते ही अस्पताल में डॉक्टरों और स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। एपेक्स हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर अरशद के नेतृत्व में एक टीम ने इस जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। टीम ने सावधानीपूर्वक दोनों बच्चों को अलग किया। डॉक्टरों के अनुसार, यह एक अत्यंत दुर्लभ चिकित्सकीय स्थिति थी, जिसमें दोनों बच्चों का पेट आपस में जुड़ा हुआ था। समय पर लिए गए सही निर्णय और टीमवर्क के कारण यह ऑपरेशन सफल हो पाया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मां और दोनों नवजातों की हालत स्थिर है और उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है। इस सफल ऑपरेशन के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस घटना को चिकित्सकीय क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है।












































