श्रावस्ती में दो साल से अधूरी जल टंकी:ग्रामीणों को नहीं मिल रहा हर घर जल योजना का लाभ, ग्राम प्रधान ने दिया आश्वासन

4
Advertisement

श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक स्थित महादेवा गांव में ‘हर घर जल’ योजना के तहत दो साल पहले पानी की टंकी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। यह कार्य अब तक अधूरा है, जिसके कारण ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है और उन्हें पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। योजना के तहत निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान सड़कों को खोदकर पाइपलाइन बिछाई गई थी। हालांकि, दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पानी की टंकी का निर्माण पूरा नहीं हो सका है, जिससे यह महत्वपूर्ण योजना अधर में लटकी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। स्थानीय निवासी सुधाकर शर्मा, इंद्रजीत और भोला गली ने प्रशासन से जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने और योजना को शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सरकार की मंशा हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने की है, लेकिन स्थानीय स्तर पर हुई लापरवाही के कारण यह योजना अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रही है। इस संबंध में ग्राम प्रधान संतोष गुप्ता ने बताया कि किसी कारणवश कार्य अधूरा है और जल्द ही इसे फिर से शुरू किए जाने की संभावना है।

Advertisement