बलरामपुर में 'बहू-बेटी सम्मेलन' आयोजित:महिलाओं को सरकारी योजनाओं, अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई

6
Advertisement

बलरामपुर के उतरौला में पुलिस ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। ग्राम बक्सरिया में आयोजित इस सम्मेलन में महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें महिला हिंसा और लैंगिक उत्पीड़न जैसे महिला अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को ओटीपी शेयरिंग, लकी ड्रा फ्रॉड कॉल, स्मार्ट एडिटिंग वीडियो कॉल, बैंकिंग फ्रॉड और पेंशन धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें 1090, यूपी आपातकालीन 112, एंबुलेंस सेवा 102/108, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930/155260 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया गया। मादक पदार्थों के सेवन के दुष्परिणामों, यातायात नियमों, बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के बारे में भी जानकारी दी गई। महिलाओं को थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र और परिवार परामर्श केंद्र के बारे में बताया गया, जिससे उन्हें सुगम कानूनी सहायता मिल सके। सम्मेलन में बहू, बेटी और सास सहित परिवार के सदस्यों को आपसी सामंजस्य बनाए रखने और घरेलू विषयों पर खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित सभी महिलाओं ने अपने विचार और राय रखीं, जिसमें बच्चियों सहित सभी ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री विकास कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय और क्षेत्राधिकारी श्री राघवेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष कोतवाली उतरौला श्री अवधेश राज सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। एंटी रोमियो टीम/मिशन शक्ति टीम की महिला आरक्षी गीतू सिंह, सुषमा सिंह और नीतू ने इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Advertisement