बस्ती में लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोप में शनिवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 28 वर्षीय रूपेश विश्वकर्मा पुत्र कृष्णचंद्र विश्वकर्मा के रूप में हुई है। उसका शव कमरे में बिस्तर पर लिटाया हुआ पाया गया। मृतक के गले पर फांसी का स्पष्ट निशान मौजूद था। घटनास्थल पर मौजूद मृतक की मां रामवती ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अत्यधिक शराब का सेवन करता था और आए दिन घर में झगड़ा व मारपीट करता रहता था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 11 बजे रूपेश शराब पीकर घर आया था। शनिवार सुबह जब वह उसके कमरे में पहुंचीं तो देखा कि वह फांसी के फंदे से लटका हुआ था। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से शव को फंदे से उतारकर बिस्तर पर लिटाया गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच की जा सके। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।










































