पयागपुर में सरस्वती प्रतिमा विसर्जित; विधायक ने तली पूरियां: बसंतोत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन, शोभायात्रा पर हुई पुष्प वर्षा – Payagpur News

4
Advertisement

बहराइच के पयागपुर में ज्ञान और स्वर की देवी मां सरस्वती का बसंत पंचमी उत्सव श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। सरस्वती पूजा समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय समारोह का समापन शनिवार को मूर्ति विसर्जन और एक विशाल भंडारे के साथ हुआ। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी ने भंडारे में पूरियां तलीं। विसर्जन उत्सव की शुरुआत सुबह पूजा पांडाल में विधि-विधान से किए गए हवन और पूजन से हुई। भक्तों ने विश्व शांति और ज्ञान की प्राप्ति के लिए आहुतियां दीं। इसके बाद कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें नन्ही कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया गया। हवन के पश्चात मां शारदे की प्रतिमा को एक भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ रवाना किया गया। फूलों से सजे रथ पर सवार मां सरस्वती की शोभायात्रा जब भूपगंज बाजार, बारी पुरवा चौराहा और नट टोला से गुजरी, तो स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। युवा भक्तों की टोलियां “जय मां शारदे” और “सरस्वती माता की जय” के नारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान करती रहीं। शोभायात्रा अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए फूलमती घाट तालाब बघेल पहुंची। विसर्जन स्थल पर क्षेत्र के विद्वान पुरोहित चंद्र मोहन मिश्र ने मंत्रोच्चार के साथ अंतिम आरती संपन्न कराई। इसके बाद श्रद्धा के साथ प्रतिमा को विसर्जित किया गया। विसर्जन के समय भक्तों की आंखें नम थीं। मूर्ति विसर्जन के तुरंत बाद भूपगंज बाजार स्थित सोसायटी चौराहा पर एक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी ने न केवल प्रसाद ग्रहण किया, बल्कि स्वयं कड़ाही के पास बैठकर पूड़ियां भी तलीं। प्रमुख प्रतिनिधि समय प्रसाद मिश्र ने भी आयोजन में शिरकत की और मां का प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशांत सिंह, सूरज शर्मा और कपिल त्रिपाठी ने व्यवस्थाओं की कमान संभाली। कौशल त्रिपाठी, दुर्गेश शर्मा और चंदन त्रिपाठी ने आगंतुकों का स्वागत किया। इस अवसर पर पुनीत शर्मा, सुरेश राठौर और मोहित पंडित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Advertisement