श्रावस्ती में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की नई गाइडलाइंस को लेकर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी के नाम से एक फेसबुक प्रोफाइल पर की गई टिप्पणी ने जिले की सियासत में हलचल मचा दी है। वायरल पोस्ट में लिखा है, ‘मन की बात नहीं सुनेंगे, सेम ऑन यूजीसी’। हालांकि, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी ने इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह पोस्ट स्वयं उनके द्वारा की गई है या किसी अन्य व्यक्ति ने उनके नाम से बनी प्रोफाइल से इसे साझा किया है। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को सवर्ण समाज के लोगों ने भिनगा में UGC की नई गाइडलाइंस के विरोध में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने रामलीला मैदान से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला और अपर जिलाधिकारी (ADM) के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि UGC की नई गाइडलाइंस से देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था में भय, असुरक्षा और असंतोष का माहौल बन रहा है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि गाइडलाइंस में शिकायतों पर दंड के स्पष्ट प्रावधान न होने को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है। प्रदर्शनकारियों ने आशंका जताई कि इससे नियमों का दुरुपयोग हो सकता है और शिक्षा संस्थानों में अस्थिरता बढ़ सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस पोस्ट के कारण UGC की नई गाइडलाइंस को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें संबंधित पक्षों की आगामी प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।





































