बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित रानीपुर गांव में एक गोशाला में दवा दिए जाने के बाद 11 गायों की मौत हो गई। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) अरुण कुमार गुप्ता ने इस मामले में शासन को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया है और कार्रवाई की मांग की है। सीवीओ गुप्ता ने बताया कि पशुओं को दवा दिए जाने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी। उपचार के दौरान इन गायों की मौत हो गई। गोशाला से जुड़े राणा विपिन प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में दवा कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ितों को मुआवजा देने की अपील की है। वहीं, विवेक तिवारी ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। रानीपुर गांव की इस गोशाला में कुल 16 गायें थीं। गोशाला संचालिका विद्या सिंह ने बताया कि 15 जनवरी को एक गाय की तबीयत बिगड़ने पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया था। हालांकि, चिकित्सक स्वयं नहीं आए और उन्होंने एक फार्मासिस्ट के माध्यम से दवा भिजवाई। फार्मासिस्ट ने बीमार गाय के साथ-साथ अन्य स्वस्थ पशुओं को भी दवा दे दी, जिसके परिणामस्वरूप 11 गायों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने विद्या सिंह की तहरीर के आधार पर पशु चिकित्सक अजय वरुण और फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया हैl


































